Thursday, October 29, 2026
 dipr
Homeगढ़वालचमोलीगैरसैंण में विधानसभा सत्र शुरू, सीएम धामी ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य...
spot_imgspot_img

गैरसैंण में विधानसभा सत्र शुरू, सीएम धामी ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से की मुलाकात; आज पेश होगा 7 हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट

 dipr

गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मंगलवार से धामी सरकार का दो दिवसीय विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से उनके कक्ष में मुलाकात की।

चुनावी वर्ष में धामी सरकार का यह अंतिम विधानसभा सत्र है। सरकार ने इस बार भी सत्र गैरसैंण में आयोजित करने का निर्णय लिया है। इससे पहले फरवरी में भी बजट सत्र भराड़ीसैंण में आयोजित किया गया था। हालांकि, इस बार सत्र की अवधि केवल दो दिन रखी गई है।

आज पेश होगा सात हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट

सत्र के पहले दिन सदन में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी और पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद भोजनावकाश के बाद सरकार की ओर से सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट सदन में पेश किया जाएगा।

पहले दिन प्रश्नकाल नहीं होने के कारण सदन की कार्यवाही के दौरान हंगामे की संभावना कम मानी जा रही है। हालांकि, विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है।

बेरोजगारी और अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

विपक्ष बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, महंगाई और अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर सरकार पर हमलावर रहेगा। कांग्रेस ने इन मुद्दों पर सड़क से सदन तक सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की तैयारी की है।

सत्र के लिए तैयारियां पूरी

विधानसभा सचिवालय की ओर से सत्र के संचालन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरकार और विपक्ष के सदस्य भी गैरसैंण पहुंच चुके हैं। पहले दिन दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य उनके योगदान और उनसे जुड़ी स्मृतियों को साझा करेंगे।

दो दिवसीय सत्र के दौरान अनुपूरक बजट के साथ ही अन्य विधायी कार्यों और विभागीय प्रतिवेदन रिपोर्टों को सदन के पटल पर रखे जाने की भी संभावना है।

सम्बन्धित समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

उत्तर प्रदेश

उत्तराखंड

Recent Comments